अंतर-विद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता में : यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में मारी बाज़ी
Praveen Nishee Tue, Sep 22, 2026
मनेंद्रगढ़। एमसीबी । जिले के विभिन्न विद्यालयों के बीच आयोजित अंतर-विद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता में यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में मनेंद्रगढ़ के सभी प्रमुख विद्यालयों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का विषय था — "भारत का युवा हिंदी भाषा और हिंदी साहित्य से दूर होता जा रहा है।" इस विषय पर पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से जोरदार तर्क-वितर्क देखने को मिले।
यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल की ओर से छात्र नैतिक वर्मा ने विषय के पक्ष में अपने विचार रखे और अत्यंत प्रभावशाली तर्कों के माध्यम से यह सिद्ध करने का प्रयास किया कि आज का युवा वर्ग वास्तव में हिंदी भाषा और साहित्य से दूर होता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर छात्रा प्रार्थना मिंज ने विपक्ष में अपनी बात रखते हुए तर्कपूर्ण ढंग से यह स्पष्ट किया कि हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति युवाओं का रुझान आज भी बना हुआ है।
दोनों ही वक्ताओं ने अपने-अपने पक्ष को इतनी दृढ़ता और तार्किकता के साथ प्रस्तुत किया कि निर्णायक मंडल एवं उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। परिणामस्वरूप, यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल के दोनों छात्रों — नैतिक वर्मा और प्रार्थना मिंज — के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय को समग्र रूप से प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों ने दोनों छात्रों को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने भी विद्यार्थियों की वाक्पटुता और आत्मविश्वास की सराहना की।

विज्ञापन